लोकतंत्र में कोई राजा नहीं होताः अमित शाह
15-Oct-2022 11:36 PM 3788
शिमला, 15 अक्टूबर (संवाददाता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश से राजा, रानी, महाराजाओंं का समय समाप्त हो गया है, लाेकतंत्र में कोई राजा नहीं होता है। श्री शाह ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश में सिरमौर जिले के पावटा साहिब में भाजपा की विशाल हट्टी अभिनंदन रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल की जनता का जोश उन्होंने टीवी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली के दौरान देखा था पर आज उन्होंने लोगों का जोश साक्षात देख लिया है। यहां के लोगों को क्या पीड़ा थी उसका असली एहसास उन्हें यहां आकर पता चला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक झटके में 55 साल पुरानी परेशानी को साफ कर दिया और हाटी को जनजातीय का दर्जा दे दिया। यह केवल दृढ़ इच्छा शक्ति के कारण संभव होता है। इस निर्णय से सिरमौर के 359 गांव लाभांवित हुए हैं और आपकी 25 पीढ़ियां इस निर्णय का लाभ उठाएगी। हाटी को शिक्षा, राजनीतिक और सरकारी नौकरियों सभी क्षेत्रों में में हाटी को आरक्षण मिलेगा। श्री शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की एक बात है कि वह जिस काम के पीछे लगते हैं, उसे पूरा भी करते हैं, इस काम के लिए वह उनसे 25 बार मिले। हाटी आरक्षण न मिलने से एक बड़ी समस्या सामने आई थी, पहाड़ के एक तरफ वाला भाई सामान्य माना जाता था और दूसरी तरफ का एक भाई जनजातीय माना जाता था। मामा सामान्य होता था और भांजा जनजातीय, कितनी बड़ी विडंबना थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक दृष्टि इस मुद्दे पर पड़ी और लोगों को झटके से जनजातीय का दर्जा मिल गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आग लगाये बिना चैन नहीं आता और उनका काम तो आग लगाने का ही है। दलितों का आरक्षण सौ प्रतिशत सुरक्षित है। यह आरक्षण केवल लाभ है, इसके कोई नुकसान नहीं है। अनुसूचित जाति का कुछ जाएगा नहीं और जनजातियों को ज्यादा मिलेगा। मोदी सरकार और जयराम सरकार तारीफ के काबिल है। श्री मोदी केवल विकास में विश्वास रखते हैं और कांग्रेस आग लगने में विश्वास रखती है। श्री शाह ने कहा कि 50 साल के बाद इस बार हिमाचल में रिवाज बदलेगा और यह निश्चित है। आज से हमारा नारा एक बार भाजपा, बार बार भाजपा। भाजपा ने रिवाज बदला है, जहां उत्तराखंड में बहुमत से जीत हासिल की है और हम हिमाचल प्रदेश में भी रिवाज बदलेंगे। उन्होंने कहा कि 75 साल में कोई धार्मिक स्थान विकसित नहीं हुआ, मोदी सरकार ने 500 साल बाद राम मंदिर का निर्माण कराया। काशी विश्वनाथ का मंदिर औरंगजेब ने तोड़ा और श्री मोदी ने भव्य रूप से फिर बनाया। कांग्रेस वाले अनुच्छेद 370 पर चुप क्यों रहते हैं क्योंकि यह पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की देन है जिससे मोदी ने उखाड़ फेंका। श्री मोदी ने राज पथ का नाम बदला कर कर्तव्य पथ रखा। उन्होंने कहा कि राजा ,राजे, रानी, महाराजों का समय चला गया है और लोक तंत्र में कोई राजा नहीं होता। डाॅ. राजीव बिंदल के साथ एक बटन दबाते हुए श्री शाह और भाजपा प्रतिनिधियों ने कई नारों के साथ भाजपा चुनाव अभियान का थीम गीत भी लॉन्च किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^