महेन्द्र रेड्डी ने तेलंगाना में कैबिनेट मंत्री के रूप में ली शपथ
24-Aug-2023 04:47 PM 2848
हैदराबाद , 24 अगस्त (संवाददाता) तेलंगाना में विधानसभा चुनाव से बमुश्किल तीन महीने पहले मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (केसीआर) ने गुरुवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) पटनम महेंद्र रेड्डी को कैबिनेट में शामिल करते हुए अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। राज्यपाल डॉ तमिलसाई सौन्दरराजन ने गुरुवार को दोपहर बाद राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित एक सादे समारोह में श्री महेंद्र रेड्डी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। केसीआर मंत्रिमंडल में एकमात्र रिक्ति श्री महेंद्र रेड्डी के शपथ लेने से भर गई। यह सीट मई 2021 से उस समय रिक्त थी , जब मुख्यमंत्री ने एटाला राजेन्द्र को कैबिनेट से हटा दिया था। केसीआर अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ इस अवसर पर मौजूद थे। श्री महेंद्र रेड्डी को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने को बीआरएस द्वारा तंदूर निर्वाचन क्षेत्र से आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी का टिकट नहीं दिए जाने के बाद श्री महेंद्र रेड्डी की नाराजगी को दूर करने के प्रयास में उन्हें कैबिनेट में जगह दी गयी है। तेलंगाना में मंत्री के रूप में श्री महेंद्र रेड्डी का यह दूसरा कार्यकाल होगा। वह 2014 और 2018 के बीच पहली केसीआर कैबिनेट में मंत्री थे और उनके पास परिवहन विभाग था।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^