महिलाओं व बच्चों तक पौष्टिक आहार पहुंचाने को सरकार प्रतिबद्ध :आतिशी
14-Aug-2023 05:52 PM 6499
नयी दिल्ली 14 अगस्त (संवाददाता) दिल्ली की महिला एवं बाल विकास मंत्री आतिशी ने कहा कि केजरीवाल सरकार दिल्ली में हर जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों तक पौष्टिक आहार पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सुश्री आतिशी ने सोमवार को पूर्वी दिल्ली में कोंडली स्थित एक सेंट्रलाइज्ड आंगनवाडी किचन का निरीक्षण कर खाना बनाने में इस्तेमाल हो रहे अनाज व अन्य सामग्रियों की जांच की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि, केजरीवाल सरकार दिल्ली में हर जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों तक पौष्टिक आहार पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में सरकार 11 सेंट्रलाइज्ड किचनों के जरिए प्रतिदिन दिल्ली भर में आठ लाख बच्चों और महिलाओं तक पौष्टिक पका खाना और टेक होम राशन (टीएचआर) पहुँचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इन किचनों के जरिए हम गर्भवती महिलाओं, लैकटिंग माताओं और आँगनवाडियों में आने वाले 6 माह से 3 साल तक के बच्चों को बेहतर पोषण देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, केजरीवाल सरकार के इस सेंट्रलाइज्ड किचन के जरिये पूर्वी दिल्ली के 604 आँगनवाडियों में आने वाले 43,000 से अधिक बच्चों व गर्भवती महिलाओं तक मुफ्त पौष्टिक आहार पहुंचाने का काम किया जाता है। साथ ही यह किचन प्रतिदिन अत्याधुनिक मशीनों के द्वारा जीरो ह्यूमन टच के साथ छह माह से तीन साल तक के 22,000 बच्चों तथा 7000 से ज्यादा महिलाओं के लिए टेक होम राशन तैयार किया जाता है। इसमें बच्चों के लिए पैक्ड पंजरी व गर्भवती महिलाओं और लैकटिक माताओं के लिए पैक्ड खिचड़ी प्रीमिक्स व सत्तू शामिल है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के साथ हमारा उद्देश्य हर जरूरतमंद बच्चों और माताओं तक पौष्टिक आहार पहुंचाना है ताकि विकासात्मक और महत्वपूर्ण सालों में उन्हें हर जरुरी पोषण मिल सके। उन्होंने कहा कि जन्म लेने से लेकर शुरूआती कुछ साल बच्चों के जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते है ऐसे में उनकी नींव मजबूत हो और सही गति में शारीरिक और मानसिक विकास हो इस दिशा में सरकार हर जरुरी कदम उठा रही है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^