मैदानी कार्य प्रणाली का अध्ययन जनकल्याण के लिये प्रेरित करता है - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
29-Jun-2024 12:00 AM 862

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के नवनियुक्त अधिकारी मैदानी स्तर तक जाकर शासन की कार्यप्रणाली का अध्ययन कर जनकल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित होते हैं। मध्यप्रदेश में राजस्व प्रशासन के स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं। इसी तरह नदियों को पुनर्जीवित करने, जल स्त्रोतों के जीर्णोद्धार, स्कूल चलें हम अभियान और अन्य महत्वपूर्ण अभियानों की उपलब्धियों का सेवाकाल के प्रारंभ में अध्ययन हो जाने से प्रशासनिक अधिकारियों को कार्य संपादन में सहयोग मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को मंत्रालय में सौजन्य भेंट करने आये भारतीय प्रशासनिक सेवा वर्ष 2023 बैच के 9 परिवीक्षाधीन अधिकारियों से चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी प्रोबेशनर अधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय डॉ. राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव श्री संजय कुमार शुक्ला, श्री राघवेंद्र कुमार सिंह, प्रशासन अकादमी के महानिदेशक श्री विनोद कुमार के साथ संचालक, प्रशासन अकादमी श्रीमती सोनाली पोंक्षे वायंगणकर उपस्थित थीं।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^