मैं कांग्रेस का कार्यकर्ता, संगठन जो भी कार्य देगा, करूंगा - दिग्विजय
16-May-2023 07:18 PM 4606
सिवनी, 16 मई (संवाददाता) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आज कहा कि वे पार्टी के एक कार्यकर्ता हैं और उन्हें संगठन जो भी कार्य देगा, वह उसे करेंगे। राज्यसभा सांसद श्री सिंह ने यहां पत्रकारों से चर्चा के दौरान सवालों के जवाब में यह बात कही। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने संबंधी या अन्य दायित्व जो भी पार्टी उनसे कहेगी, वो वह सब करेंगे। श्री सिंह ने कहा कि वे संगठन के निर्देश पर ही सिवनी जिले के दौरे पर आए हैं। इसके साथ ही उन्हाेंने कहा कि उनका सनातन धर्म, हिंदू संस्कृति और परंपरा पर अटूट विश्वास है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। सभी वर्ग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद जब कांग्रेस सत्ता में आएगी, तो किसानाें के कर्ज माफ करने के साथ ही उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। श्री सिंह ने कहा कि राज्य में पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार ने एक सौ रुपयों में एक सौ यूनिट बिजली देने की व्यवस्था प्रारंभ की थी, इसे कांग्रेस सत्ता में आकर फिर से लागू करेगी। वर्तमान में बिजली के अंधाधुंध बिल वसूले जा रहे हैं। इसी तरह नारी सम्मान योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह डेढ़ हजार रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे और रसोईगैस सिलेंडर पांच सौ रुपए में उपलब्ध कराया जाएगा। श्री सिंह ने राज्य में आदिवासियों पर अत्याचार बढ़ने का आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि इस वर्ग की शुभचिंतक कांग्रेस ही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राज्य में अमूमन मतदाता कांग्रेस या भाजपा को ही वोट देते हैं। यदि कोई क्षेत्रीय दल सक्रिय होते हैं, तो वे सिर्फ वोट काटने का ही काम करते हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^