मुख्यमंत्री डॉ. यादव गोवर्धन पूजा के पर्व पर तिलकेश्वर गौ-सेवा सदन पहुंचे
02-Nov-2024 12:00 AM 1021

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को गोवर्धन पूजा के पर्व पर ग्रामोद्योग विकास मंडल द्वारा संचालित श्री तिलकेश्वर गौ-सेवा सदन पहुंचे। यहाँ वे अनाज एवं तिलहन व्यापारी संघ के द्वारा आयोजित गोवर्धन पूजा और दिवाली मिलन समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सर्वप्रथम गोवर्धन पूजा कर गौ-माता की पूजा की तथा उन्हें 56 प्रकार का भोग चारे में मिलाकर खिलाया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने तिलकेश्वर महादेव का पूजन-अर्चन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि अवंतिका की इस पावन धरती पर परमात्मा की विशेष कृपा है। यहां तिल भर भी जमीन बाकी नहीं है, जहां धर्म की सत्ता नहीं है। पूरे साल हम लोग त्यौहार मनाते रहें, परमात्मा की कृपा हम सब पर बनी रहे। घनघोर अंधकार के बीच दीप का एक प्रकाश ही दिपावली है। यह उजाला देती है, प्रकाश देती है, हिम्मत देती है, ऊष्मा देती है, ऊर्जा देती है और लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। मुख्यमंत्री ने सभी को दिवाली की शुभकामनाएं दीं।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^