मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश की धरती अनेक वीर योद्धाओं, स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र सेवियों द्वारा राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए जीवन का बलिदान करने की साक्षी रही है। राष्ट्र के निर्माण में भिन्न-भिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली विभूतियां अभिनंदन की पात्र हैं। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर ऐसी विभूतियों का चयन कर उन्हें सम्मानित करने की परम्परा है। संस्कृति, पर्यटन और सहयोगी संस्थाओं ने अभिनव और गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया है, जो सराहनीय है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार की शाम रवीन्द्र भवन, स्थित हंसध्वनि सभागार में आजादी का महापर्व कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय अलंकरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर देश की गणमान्य हस्तियों को वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय सम्मान, अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद राष्ट्रीय सम्मान, महर्षि वेद व्यास राष्ट्रीय सम्मान और महाराजा अग्रसेन राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जब हम भारत माता की जय बोलते हैं तो रोम रोम रोमांचित हो जाता है। आनंद का प्रवाह कई गुना प्रारंभ हो जाता है। यह परमात्मा की दया है जिस देश में हमने जन्म लिया है उस देश को पूरी दुनिया बड़े आदर के साथ देखती है। हमारे देश की सनातन संस्कृति की कई विशेषताएं हैं। हर काल, हर युग में हर समय दुनिया के लिए हर उलझे-सुलझे प्रश्नों के उत्तर यह संस्कृति देती आई है। दुनिया सदैव कई प्रश्नों का उत्तर प्राप्त करने के लिए भारत की तरफ देखती रही है और भारत ने सदैव उत्तर देने का प्रयास किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमें इस बात का गर्व और आनंद भी है कि बदलते दौर में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आपरेशन सिंदूर के माध्यम से हम सभी ने भारत का पराक्रम देखा है। इस आपरेशन के माध्यम से सेना के सामर्थ्य को देखा है। लेकिन एक और दौर से हम गुजर रहे हैं, एक तरफ वैश्विक उथल-पुथल में अलग-अलग प्रकार से अब सारी घटनाओं को भी देख रहे हैं। दूसरी तरफ भारत की प्रगति यशस्वी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में तमाम चुनौतियों के बीच कितने ही प्रकार से हो रही है। गत 11 साल का समय अभूतपूर्व रहा है।