मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज अशोकनगर जिले के चंदेरी में भ्रमण के दौरान अनेक ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव किला कोठी स्थिति बैजू बावरा की समाधि एवं जौहर स्मारक पहुंचे और श्रद्धा सुमन अर्पित किये। उन्होंने चंदेरी स्थित लक्ष्मण मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। साथ ही चंदेरी में हैंडलूम पार्क का अवलोकन कर बुनकरों से संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नगर में रोड़ शो भी किया, नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने नागरिकों का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चंदेरी का जौहर स्मारक देश के गौरव शाली इतिहास का वह स्वर्णिम अध्याय है जो मातृ शक्ति के तेज और पवित्रता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने जौहर-स्मारक पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर रानी मणिमाला सहित उन 1600 क्षत्राणियों को भी नमन किया, जिन्होंने मातृ शक्ति के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिये 29 जनवरी 1528 को जौहर कर लिया था।