मोदी, शिंदे, ने दुर्घटना पर जताया शोक, मृतकों के परिजनों को मिलेंगे दो-दो लाख
01-Jul-2023 04:58 PM 1914
मुंबई 01 जुलाई (संवाददाता) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस ने बुलढाणा जिले में समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनास्थल का दौरा किया और वहां निरीक्षण किया। कल देर रात यहां एक बस में आग लगने से 25 यात्रियों की जलकर मौत हो गयी थी। बस में कुल 33 यात्री सवार थे जिनमें से आठ लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार भीषण त्रासदी के पीछे मुख्य कारण टायर फटना था, जिससे तीन बच्चों सहित 25 की मौत हो गई, जबकि घटना में आठ अन्य घायल हो गए। हादसे में घायल हुए लोगों को बुलढाणा सिविल अस्पताल ले जाया गया और वहां भर्ती कराया गया। अधिकारियों के मुताबिक बस महाराष्ट्र के यवतमाल से पुणे जा रही थी और शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे महाराष्ट्र के बुलढाणा में समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्वीट में कहा,“महाराष्ट्र के बुलढाणा में विनाशकारी बस दुर्घटना से गहरा दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं जान गवानें वाले लोगों के परिवारों के साथ हैं, घायल शीघ्र स्वस्थ हों। स्थानीय प्रशासन प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।” बुलढाणा में बस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^