पात्रा द्वारा धामी से जगन्नाथ मंदिर के संरक्षण का अनुरोध
10-Jul-2023 08:24 PM 3659
देहरादून, 09 जुलाई (संवाददाता) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा ने शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने श्री धामी से राज्य के उत्तरकाशी जिले के साल्ड गांव में 12वीं शताब्दी में आदि गुरु शंकराचार्य जी द्वारा स्थापित श्री जगन्नाथ मंदिर के बारे में विस्तार से चर्चा की। डॉ पात्रा ने श्री धामी से श्री जगन्नाथ मंदिर, उत्तरकाशी में नियमित रूप से पूजा-अर्चना, मंदिर को ए.एस.आई से संरक्षण एवं महाप्रभु के भोग के लिए उचित व्यवस्था किए जाने का आग्रह किया। उन्होंने मंदिर क्षेत्र में पर्यटन की दृष्टि से मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के विषय पर भी विस्तृत चर्चा की। श्री धामी ने डॉ पात्रा को मंदिर के विकास में हर संभव मदद हेतु आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत की अवधारणा से इसे विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्री जगन्नाथ मंदिर उत्तराखंड राज्य के साथ पूरे देश की धरोहर है। उन्होंने कहा कि मंदिर का संरक्षण कर उसका नव निर्माण कार्य एवं विस्तारीकरण किया जाएगा। इस दौरान, भाजपा नेता सतीश लखेड़ा भी मौजूद रहे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^