नीतीश ने वन महोत्सव का किया शुभारंभ
10-Jul-2023 08:06 PM 4853
पटना 10 जुलाई (संवाददाता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पौधारोपण कर वन महोत्सव का शुभारंभ किया। श्री कुमार ने सोमवार को यहां मुख्य सचिवालय परिसर में मौलश्री पौधा का रोपण कर राज्यस्तरीय वन महोत्सव-2023 का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बिहार से झारखंड के अलग होने के बाद बिहार का हरित आवरण क्षेत्र नौ प्रतिशत ही रह गया था। हरित आवरण क्षेत्र बढ़ाने के लिए वर्ष 2012 से उनकी सरकार ने पौधारोपण करना शुरू किया। उसके बाद वर्ष 2019 में जल-जीवन-हरियाली अभियान की शुरुआत कराकर इसको और आगे बढ़ाया गया। राज्य का हरित आवरण क्षेत्र अब बढ़कर 15 प्रतिशत हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जो कार्यक्रम की शुरुआत की गई है उसके अंतर्गत दो माह के अंदर चार करोड़ से अधिक वृक्षारोपण किया जाएगा। वह चाहते हैं कि राज्य का हरित आवरण क्षेत्र जल्द से जल्द 17 प्रतिशत हो जाए। उन्होंने कहा कि बिहार का क्षेत्रफल कम है और यहां की आबादी घनी है इसको ध्यान में रखते हुये हमलोग 17 प्रतिशत हरित आवरण क्षेत्र के लिए काम कर रहे है। श्री कुमार ने कहा कि पहले पेड़ों की कमी थी, लेकिन अब हर जगह पेड़ दिखायी देने लगे हैं। इस काम में हमलोग लगे हुए हैं। विकास के जितने भी सरकार के कार्यक्रम हैं उसको देखने के लिए वह घूमते रहते हैं और लोगों की राय भी सुनते हैं और जहां कहीं भी कमी दिखती है उसका समाधान करते है। जिस इलाके में जैसी आवष्यकता होती है उस अनुसार काम किया जाता है। उन्होंने कहा कि वह लगातार विकास के काम में लगे हुये हैं। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तेजप्रताप यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डाॅ. एस. सिद्धार्थ, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की सचिव बंदना प्रेयसी, भवन निर्माण विभाग के सचिव सह पटना प्रमंडल के आयुक्त कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^