05-May-2022 10:22 PM
9000
नयी दिल्ली 05 मई (AGENCY) केंद्र सरकार ने गुरुवार को वर्ष 2023 के लिए प्रदान किए जाने वाले पद्म पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन नामांकन की प्रक्रिया जारी कर दी।
गृह मंत्रालय द्वारा जारी एक विज्ञ्पति में कहा गया,“पद्म पुरस्कारों के लिए नामाकंन की प्रक्रिया एक मई से 15 सितंबर तक चलेगी। पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन/अनुशंसाएं केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in पर ही ऑनलाइन प्राप्त की जाएंगी।”
मंत्रालय ने कहा कि सरकार पद्म पुरस्कारों को ‘जन पद्म’ के रूप में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। अत: सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे खुद से ही नामांकन करें।
गृह मंत्रालय ने सभी केंद्रीय मंत्रालयों/विभागों, राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों, भारत रत्न और पद्म विभूषण पुरस्कार विजेताओं, उत्कृष्टता संस्थानों से उन प्रतिभाशाली व्यक्तियों की पहचान करने के लिए प्रयास करने का अनुरोध किया है, जिनकी उत्कृष्टता और उपलब्धियां वास्तव में महिलाओं, समाज के कमजोर वर्गों, अनुसूचित जातियों एवं अनुसूचित जनजातियों, दिव्यांगजनों के बीच सराहे जाने के योग्य हैं और जो नि:स्वार्थ भाव से समाज की सेवा कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि पद्म पुरस्कार के तहत पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री प्रदान किए जाते हैं, जो देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से हैं। वर्ष 1954 में शुरू किए गए इन पुरस्कारों की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है। इन पुरस्कारों के जरिए विभिन्न क्षेत्रों में लोगों के ‘विशिष्ट कार्य या योगदान’ को सराहा जाता है।...////...