पूर्व सांसद महेंद्र सिंह मेवाड़ के पुत्र कुंवर विश्वराज सिंह मेवाड़ हुए भाजपा में शामिल
17-Oct-2023 07:40 PM 5805
नयी दिल्ली 17 अक्टूबर (संवाददाता) राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नेताओं का राजनीतिक पार्टियों में शामिल होने का सिलसिला जारी है। प्रदेश में विधानसभा चुनावों के पहले मंगलवार को यहां महाराणा प्रताप के वंशज विश्वराज सिंह मेवाड़ और करणी सेना के प्रमुख रहे दिवंगत लोकेंद्र सिंह कालवी के पुत्र भवानी सिंह कालवी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये। भाजपा केंद्रीय कार्यालय में राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी, केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी एवं सांसद अरूण सिंह और सांसद दीया कुमारी की मौजूदगी में इन दोनों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी एवं राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रमुख डॉ संजय मयूख भी मौजूद थे। पार्टी में शामिल होने के बाद श्री विश्वराज सिंह मेवाड़ और श्री भवानी सिंह कालवी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन लिया। इस अवसर पर श्री नड्डा ने भाजपा परिवार में दोनों का स्वागत करते हुए कहा कि पूर्ण विश्वास है कि सभी के साथ आने से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 'विकसित भारत निर्माण' के हमारे उद्देश्यों एवं राजस्थान के सर्वांगीण विकास के संकल्प को और मजबूती मिलेगी। श्री जोशी ने दोनों नये सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की जनकल्याण एवं विकास कार्यों से प्रभावित होकर दोनों भाजपा में शामिल हुए। श्री मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है, उसमें राजस्थान की भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। राजस्थान में परिवर्तन का परिदृश्य स्पष्ट दिख रहा है और इन दोनों के पार्टी में आने से भाजपा और मजबूत होगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^