16-Nov-2024 12:03 AM
8446
शहडोल, 15 नवंबर (संवाददाता) आदिवासी जननायक बिरसा मुंडा की जयंती पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश के दो संग्रहालयों का वर्चुअली लोकार्पण किया।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने राज्य के जबलपुर स्थित राजा शंकर शाह कुंवर रघुनाथ शाह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय और छिंदवाड़ा के बादल भोई जनजातीय संग्रहालय जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालयों का लोकार्पण किया। श्री मोदी ने बिहार के जमुई जिले में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से ये लोकार्पण किया। इस दौरान शहडोल में आयोजित समारोह में राज्यपाल डॉ मंगु भाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी उपस्थित रहे।
समारोह काे संबोधित करते हुए राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि विशेष पिछड़ी बैगा, सहरिया और भारिया जनजातीय समूह को प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) योजना का लाभ मध्यप्रदेश में निरंतर मिल रहा है। यह योजना विशेष पिछड़ी जनजातीय वर्ग के लिए वरदान साबित हो रही है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने समाज और राष्ट्र के लिए जो काम किया है वह सब के लिए आदर्श है। जनजातीय गौरव दिवस का यह प्रसंग वीरता, अदम्य शौर्य और त्याग का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि हमें गर्व है कि बिरसा मुंडा जैसे जनजातीय वीरों के कारण देश की गौरवशाली संस्कृति और परंपराएं जीवित हैं। उन्होंने कहा कि वे कंकाली माता और विराटेश्वर भोलेनाथ की पावन धरा शहडोल से सभी को देश के वीर सपूत भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और सिखों के प्रथम गुरु गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं।
शहडोल में आयोजित इस जनजातीय गौरव दिवस समारोह में राज्यपाल श्री पटेल की उपस्थिति में मुख्यमंत्री डॉ यादव द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से 68.15 करोड़ रुपए लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और 161.51 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
डॉ यादव ने कहा कि 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस को सच्चे अर्थों में मान्यता और सम्मान देने का कार्य प्रधानमंत्री श्री मोदी ने किया है। उन्होंने दोनों संग्रहालयों को लेकर प्रधानमंत्री श्री मोदी का आभार भी व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जनजातियों को आगे बढ़ाने के लिए सशक्त प्रयास किए और राज्यपाल श्री पटेल ने सिकलसेल जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन के लिए अभियान चलाया, इसका हमें गर्व है।...////...