राहत शिविर में आवश्यक सुविधाओं का इंतजाम : कमलेश कुमार
18-Jul-2023 05:19 PM 4539
नयी दिल्ली,18 जुलाई (संवाददाता) दिल्ली सरकार ने बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविरों में खानपान के अलावा साफ़ सफ़ाई और स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर इंतज़ाम किया है और अधिकारियों की टीम निरंतर इसकी निगरानी कर रही है। विवेक विहार के एसडीएम कमलेश कुमार ने मंगलवार को यहां गांधीनगर में पुराना लोहा पुल के ठोकर नंबर 21 के पास लगे राहत शिविर का दौरा करने के बाद ‘यूनीवार्ता’ से कहा कि ज़िला प्रशासन की तरफ़ से राहत शिविर में सभी प्रकार के इंतज़ाम किए गए है और वह स्वयं और वरिष्ठ अधिकारी इसकी निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहत शिविर में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जा रहा है और इसके लिए स्वास्थ्य की टीम सुबह नौ बजे से शाम पाँच बजे तक मौजूद रहती है। श्री कुमार ने बताया कि शाहदरा ज़िले में पांच ठोकरें हैं जहां पर यमुना का पानी छूता है लेकिन लेकिन सिर्फ़ ठोकर नंबर 21 के पास ही यमुना के किनारे लोग रहते है।यमुना का जलस्तर बढ़ने के बाद मुनादी की गई जिसके बाद कुछ लोग अपने रिश्तेदारों के पास चले गये जबकि तीस लोग यहाँ के राहत शिविर में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहत शिविर में रहने वाले लोगों को सुबह नाश्ता और दो वक्त का ख़ाना दिया जा रहा है। शिविर और उसके आसपास साफ़ सफ़ाई के लिए निगम के सफ़ाईकर्मियों को 24 घंटे तैनात किया गया है। शिविर में रहने वाली महिलाओं और बच्चों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। समय समय और फ़ॉगिंग भी करवाई जा रही है। एसडीएम ने बताया कि यमुना का जलस्तर फ़िलहाल ख़तरे के निशान से ऊपर चल रहा है इसलिए इन लोगों को राहत शिविर में ही रखा जाएगा। उन्होंने कहा फ़िलहाल लोहे के पुल पर आवागमन बंद ही रहेगी। यमुना का जलस्तर और पीछे आने आने वाले पानी की समीक्षा करने के बाद ही पुल पर आवाजाही के बारे में निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ज़िले में कैलाश नगर निचला हिस्सा है जहां पर पानी घुसने की आशंका रहती है इसलिए यहाँ पर 45 ट्रक मिट्टी डालकर ऊँचा किया गया है। उन्होंने कहा कि बारिश और यमुना के जलस्तर के मद्देनज़र प्रशासन की सभी एजेंसियाँ चौबीस घंटे मुस्तैदी से काम कर रही है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^