विपक्ष के ‘इंडिया’ से मुकाबले की रणनीति तय करेगा राजग
18-Jul-2023 06:29 PM 4347
नयी दिल्ली 18 जुलाई (संवाददाता) अगले वर्ष लोकसभा चुनावों के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की आज यहां बहुचर्चित बैठक शुरू हुई जिसमें बड़ी छोटी 38 क्षेत्रीय पार्टियों के नेताओं के साथ वर्ष 2024 लोकसभा चुनावों में विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' से मुकाबला करने के लिए एक संयुक्त रणनीति पर चर्चा होनी है। राजधानी के अशोक होटल में आयोजित इस बैठक में प्रधानमंत्री श्री मोदी भी भाग ले रहे हैं। श्री मोदी के पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, शिवसेना के नेता एवं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिन्दे, बिहार के हिन्दुस्तानी अवाम (हम) पार्टी (सेकुलर) के नेता जीतनराम माझी, अन्नाद्रमुक के नेता ई पलानीस्वामी और नागालैंड में सत्तारूढ़ एनडीपीपी के नेता एवं मुख्यमंत्री नियो फिये रिओ ने स्वागत किया। श्री मोदी के स्वागत के लिए देश के पूर्वी, उत्तर-पूर्वी, पश्चिमी, दक्षिणी एवं उत्तरी भाग के प्रतिनिधियों की मौजूदगी से राजग की सारे देश में मौजूदगी का राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की गयी। बैठक शुरू होने से पूर्व राजग के नेताओं ने एक बड़ा हार पहना कर श्री मोदी का अभिनंदन किया और एक समूह चित्र भी खिंचवाया। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह एवं संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी भी मौजूद थे। जिन अन्य नेताओं ने बैठक में भाग लिया, उनमें प्रमुख रूप से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता अजीत पवार एवं प्रफुल्ल पटेल, लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) के चिराग पासवान एवं पशुपति पारस, असम गण परिषद के नेता एवं असम सरकार में मंत्री अतुल बोरा, हरियाणा की जननायक जनता पार्टी (जीजीपी) के नेता एवं उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के उपेन्द्र कुशवाहा, जन सेना प्रमुख पवन कल्याण आदि शामिल थे। भाजपा अध्यक्ष श्री नड्डा ने कल एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि राजग की बैठक में 38 दलों के प्रतिनिधियों के आने की पुष्टि हुई है। उल्लेखनीय है कि आज ही कर्नाटक के बेंगलुरू में 26 विपक्षी पार्टियों की बैठक हुई जिसमें वर्ष 2024 में होने वाले आम चुनाव को ध्यान में रखते हुए ‘यूनाइटेड व्ही स्टैंड’ के बैनर तले एक नया गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इन्क्लूसिव अलायन्स (इंडिया) बनाने की घोषणा की गयी। इस गठबंधन के प्रकाश में आने के बाद संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) करीब करीब अप्रासंगिक हो गया है। राजग की बैठक और बेंगलुरु में विपक्षी दलों की संयुक्त बैठक के पहले प्रधानमंत्री श्री मोदी ने एक कार्यक्रम में विपक्षी गठबंधन पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि इन पार्टियों की ‘दुकान’ पर दो चीजों की गारंटी मिलती है। एक तो ये अपनी दुकान पर जातिवाद का जहर बेचते हैं। और दूसरा, ये लोग असीमित भ्रष्टाचार करते हैं। उन्होंने कहा, “देश की जनता कह रही है कि ये तो 'कट्टर भ्रष्टाचारी सम्मेलन' हो रहा है। ये लोग गा कुछ और रहे हैं, हाल कुछ और है। इन्होंने लेबल कुछ और लगाया हुआ है, माल कुछ और है। इनका उत्पाद है- 20 लाख करोड़ रुपए के घोटाले की गारंटी।” श्री मोदी ने कहा, “भ्रष्टाचार की इस दुकान में जुटे ये सभी परिवारवाद के कट्टर समर्थक हैं। ना खाता ना बही, जो परिवार कहे, वही सही। लोकतंत्र के लिए कहा जाता है- जनता का, जनता के द्वारा, जनता के लिए। लेकिन इन परिवारवादियों का मंत्र है- परिवार का, परिवार के द्वारा, परिवार के लिए। ‘फैमिली फर्स्ट, नेशन नथिंग’ इन लोगों का उद्देश्य है, इनकी यही प्रेरणा है। ये लोग देश के लोकतंत्र को, देश के संविधान को अपना बंधक बनाना चाहते हैं। इनके लिए मैं यही कहना चाहूंगा...नफरत है, घोटाले हैं। तुष्टिकरण है, मन काले हैं। परिवारवाद की आग के, दशकों से देश हवाले है।” राजग की बैठक में भी प्रधानमंत्री के इन तेवरों की धार दिखने की उम्मीद है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^