राजमुंदरी केंद्रीय कारागार भेजे गए नायडू
11-Sep-2023 03:51 PM 5453
विजयवाड़ा, 11 सितंबर (संवाददाता) तेलुगू देशम पार्टी के प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू को सोमवार तड़के राजमुंदरी केंद्रीय कारागार जेल में भेज दिया गया। जेल अधिकारियों ने श्री नायडू को कैदी नंबर ‘7691’ बनाया है। श्री नायडू को जेल के ‘स्नेहा’ ब्लॉक में रखा गया है। जेल अधिकारियों ने श्री नायडू को कुछ विशेष सुविधाएं प्रदान की हैं। उन्हें जेल में एक निजी सहायक और पांच सुरक्षाकर्मी दिए गए हैं। गौरतलब है कि अदालत ने परिवार को घर से भोजन और जलपान उपलब्ध कराने की अनुमति दी थी, इसलिए श्री नायडू को परिजनों ने सुबह ब्लैक कॉफी, फलों का सलाद और गर्म पानी दिया। श्री नायडू की पत्नी भुवनेश्वरी, पुत्र लोकेश और बहू ब्राह्मणी केंद्रीय जेल में उनसे मिले। सूत्रों के मुताबिक एक चिकित्सकीय दल श्री नायडू के स्वास्थ्य की जांच करेगा। राजमुंदरी शहर में पुलिस अधिनियम की धारा 30 लागू कर दी गई और केंद्रीय कारागार के आसपास कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 300 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए। इस बीच, श्री नायडू के वकीलों ने आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय में उनकी जमानत के लिए याचिका दायर की, जिस पर अदालत सोमवार को सुनवाई करेगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^