11-Sep-2023 04:02 PM
2422
अगरतला 11 सितंबर (संवाददाता) त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों तोफजल हुसैन तथा बिंदु देवनाथ को विधानसभा में आयोजित समारोह में मंगलवार को शपथ दिलायी जाएगी।
विधानसभा सचिवालय के सूत्रों ने बताया कि इन दोनों विधायकों को विस अध्यक्ष विश्वबंधु सेन सदन की लॉबी आयोजित विशेष समारोह में विस की सदस्यता की शपथ दिलाएंगे। इस मौके पर विस अध्यक्ष राम प्रसाद पाल, मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा, कैबिनेट के सहयोगी, भाजपा विधायक एवं पार्टी वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
विपक्षी दल कांग्रेस तथा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने हालांकि विस के नवनिर्वाचित विधायकों के लिए आयोजित होने वाले शपथग्रह समारोह का बहिष्कार करने का फैसला लिया है। ये दोनों पार्टियां सेपाहिजला जिले कै बॉक्सानगर तथा धनपुर विस क्षेत्र में हुए उपचुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली होने के आरोप लगाकर विरोध कर रही हैं।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आशीष कुमार साहा ने कहा, “हमने भाजपा उम्मीदवारों के जीत को स्वीकार नहीं किया है क्योंकि उपचुनाव में वोट डाला ही नहीं गया है। पूरा प्रशासन तथा पुलिस बल निर्वाचन प्रक्रिया को बाधित करने में जुटा हुआ था। भाजपा ने वोटों को लूटा। सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं ने मतदान केंद्रों में लगभग सभी मतदाताओं को ईवीएम में कमल दबाने के लिए मजबूर किया।”
इस बीच माकपा विधायक दल के नेता एवं पार्टी के सचिव जितेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि धनपुर तथा बॉक्सानगर में चुनाव हुआ ही नहीं है। उन्होंने कहा,“उपचुनावों ने भाजपा के बदमाशों, पुलिस और चुनाव अधिकारियों के गठबंधन को प्रदर्शित किया। इसे त्रिपुरा के लोगों ने देखा है और अगली बार दोहराने की अनुमति नहीं देंगे।”
उन्होंने कहा कि राज्य के जनजातीय कल्याण मंत्री विकास देबबर्मा को कई स्थानों पर पुलिस सुरक्षा के तहत मतदाताओं को धमकाते और रोकते हुए पकड़ा गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मतदान के दिन सुबह से ही सभी मतदान केंद्रों पर कब्जा कर लिया था और मतदाताओं को कमल के निशान को दबाने के लिए मजबूर किया, लेकिन दुर्भाग्य से आयोग ने इसे नजरअंदाज कर दिया।
इन दोनों उम्मीदवारों के निर्वाचित होने के बाद 60 सदस्यीय विस में भाजपा के सदस्यों की संख्या 33 हो गयी है, जबकि इंडिजिनस पिपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा के एक सदस्य का समर्थन उसे हासिल है।...////...