रामपुर में निर्माणाधीन सद्भावना मंडप का नकवी ने किया निरीक्षण
15-Apr-2022 08:36 PM 4477
रामपुर, 15 अप्रैल (AGENCY) उत्तर प्रदेश में रामपुर स्थित नुमाइश ग्राउंड में केन्द्रीय अल्पसंख्यक मंत्रालय की ओर से लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे भव्य बहुद्देशीय सद्भावना मंडप के काम का शुक्रवार को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने निरीक्षण किया। इस दौरान नकवी ने कहा कि यह मंडप स्थानीय लोगों की तमाम सहूलियतों की पूर्ति करेगा। उन्होंने धार्मिक स्थलों में लाउड स्पीकर इस्तेमाल करने के बारे में पूछे गये संवाददाताओं के सवाल के जवाब में कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों के तहत ही मंदिर या मस्जिद में लाउड स्पीकर के इस्तेमाल की इजाजत है। सभी को नियमों का पालन करना चाहिये। सद्भावना मंडप को उन्होंने आपात स्थिति या अन्य प्रकार के हालात में भी लोगों को इसका लाभ मिलने की बात कही। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 के दूसरे तीसरे माह तक यह सद्भावना मंडप के नाम से बन रहा यह सामुदायिक केन्द्र पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा और यह लोगों के विभिन्न उद्देश्यों की पूर्ति करेगा। नकवी ने कहा कि बहुद्देशीय सामुदायिक केन्द्र आपदा प्रबंधन के दौरान भी लाभकारी साबित होगा। सामान्य काल में यह सद्भावना मंडप में देशभर के आर्टीज़न, जो विभिन्न कलाओं से जुड़े होते हैं, उन्हें अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए एक मंच मुहैया करायेगा। जिससे उनकी कला में और अधिक निखार पैदा होगा। इस माैके पर नकवी के साथ कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख और मुख्य विकास अधिकारी गजल भारद्वाज आदि मौजूद रहे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^