सम्पूर्ण प्रदेश में बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए रोडमेप विकसित किया जाए : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
20-Feb-2024 12:00 AM 802

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा, आयुष संस्थाओं तथा निजी अस्पतालों को समन्वित करते हुए प्रदेश के सभी जिलों और विकासखंडों में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए रोडमेप विकसित किया जाए। चिकित्सकों और पेरामेडिकल स्टाफ की पदपूर्ति के लिए भी कार्ययोजना बनाई जाए। प्रदेश के स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार के लिए मेडिकल कॉलेजों तथा आयुर्वेदिक महाविद्यालयों को भी लक्ष्य दिए जाएं। निजी संस्थाएं जिन क्षेत्रों में अपने कॉलेज स्थापित कर रही हैं, उन क्षेत्रों के स्वास्थ्य सूचकांकों के सुधार के प्रयासों में इन संस्थाओं को जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारा प्रयास है कि प्रदेश के सभी 29 लोकसभा क्षेत्रों में एक-एक मेडिकल कॉलेज विकसित हो और समय के साथ प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज आरंभ किया जाएगा। प्रदेश में आदर्श स्वास्थ्य व्यवस्था स्थापित कर हम देश में सर्वश्रेष्ठ उदाहरण स्थापित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^