स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में जीवंत होंगे प्रदेश के ऐतिहासिक भवन : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
23-Feb-2025 12:00 AM 752

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट : 2025 के लिए भोपाल पूरी तरह सजकर तैयार है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 24 फरवरी को जीआईएस का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत का यह स्वर्णिम काल चल रहा है। देश में मध्यप्रदेश सबसे तेज गति से आगे बढ़ रहा है। जब सभी राज्य विकसित और समृद्ध होंगे तो भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का सपना साकार होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार की शाम भोपाल स्थित सदर मंजिल का जीर्णोद्धार कर बनाए गए फाइव स्टार होटल लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डा. यादव ने जीआईएस के अतिथियों के प्रवास के लिए तैयार सदर मंजिल के सभी कक्षों का अवलोकन किया एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन संभावनाओं को प्रदर्शित करने वाले वीडियो "स्वागतम बड़ा" लॉन्च किया। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारंभ स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट एक ऐसा निर्णय है जिसके अंतर्गत मध्यप्रदेश में ऐतिहासिक इमारतों एवं भवनों को जीवंत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश का हर प्राचीन भवन और महल को चमकाया जाएगा। सदर मंजिल की तरह ही भोपाल के ताजमहल और गोहर महल का जीर्णोंद्धार किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सदर मंजिल में आने वाले अतिथियों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी संस्कृति ही राज्य की ताकत है।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^