संगठन में संपर्क, संवाद,समर्पण और समरसता बढ़ाती है टिफिन बैठक :बाबूलाल मरांडी
16-Jul-2023 07:10 PM 5725
रांची, 16 जुलाई (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने आज गिरिडीह जिलांतर्गत तिसरी स्थित वर्णवाल धर्मशाला में मंडल एवम बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन बैठक में भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए श्री मरांडी ने कहा कि टिफिन बैठक हमारी कार्यपद्धति का अंग है। ऐसे ही छोटी छोटी बैठकों में संपर्क, संवाद और समर्पण के माध्यम से भाजपा सर्व व्यापी,सर्व स्पर्शी ,सर्व समावेशी बनी है। समाज में समरसता को बढ़ाया है।उन्होंने कहा कि मजबूत भाजपा से ही विकसित झारखंड के स्वप्न को साकार किया जा सकता है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। देश की बुनियादी सुविधाओं में गुणात्मक सुधार हो रहे। अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही। स्वावलंबी भारत बनाने केलिए देश की युवाशक्ति को लगातार अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। श्री मरांडी ने कहा कि विकास के साथ देश के सांस्कृतिक विरासत को भी प्रतिष्ठित किया जा रहा। दुनियां भारत के सांस्कृतिक गौरव को फिर से महसूस करने लगी है।कहा कि एक तरफ भारत के सर्वांगीण विकास केलिए प्रधानमंत्री लगातार परिश्रम कर रहे वहीं झारखंड के सत्ताधारी नेताओं ने झारखंड को लूट खंड बना दिया है। हेमंत सरकार का लक्ष्य जनता की सेवा करना नही बल्कि झारखंड की संपदा को लूटना और लुटवाना है।उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ की मजबूती के साथ आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में देश और प्रदेश में मजबूत भाजपा सरकार बनाने केलिए संकल्पित होने का आह्वान किया। श्री मरांडी ने मोदी सरकार की 9 वर्षों की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कहा कि जनता तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के लिए संकल्पित है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^