सरकारी विद्यालय से गायब बच्चों का नाम काटा जाना उचित नहीं : आर्लेकर
04-Nov-2023 08:02 PM 6395
राजगीर 04 नवंबर (संवाददाता) बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने सरकारी विद्यालय नहीं आने वाले बच्चों के नाम काटे जाने की शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर करते हुए आज कहा कि बच्चों पर ऐसी कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। श्री आर्लेकर ने नालंदा स्थित नालंदा खुला विश्वविद्यालय में एक्सप्लोरिंग एक्सीलेंस इन मैथमेटिकल साइंसेज (आईसीईईएमएस-2023) पर तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शनिवार को करने बाद कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान बिहार में शिक्षा विभाग द्वारा सरकारी विद्यालयों में गायब रहने वाले बच्चों के नाम काटे जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग के अधिकारी बड़े गर्व से बयान देते हैं कि सरकारी विद्यालय में बच्चों के गायब रहने पर उनका नाम काटा गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई बच्चों पर नहीं होनी चाहिए। ऐसी कार्रवाई करने वाले शिक्षा विभाग के अधिकारियों को शर्म आनी चाहिए। कुलाधिपति ने कहा कि बच्चे किस स्थिति में स्कूल नहीं जा रहे हैं, शिक्षकों को उनके घर जाकर उनकी समस्याओं को जानने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को अंतर्मुख होकर इस दिशा में विचार करना चाहिए। श्री आर्लेकर ने कहा कि गणित एक आसान प्रायोगिक विषय है। सामान्य लोगों के मन में गणित को लेकर डर सा लगा रहता है। इस पर विचार कर समाधान निकालने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गणित के विशेषज्ञ इसका हल निकालेंगे तो लोगों को गणित मित्र की तरह लगने लगेगा। बचपन से ही लोगों का जुड़ाव गणित से हो जाता है। इस अवसर पर नालंदा खुला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के. सी. सिन्हा सहित अन्य लोग मौजूद थे। इस सम्मेलन में देश दुनिया के 200 से अधिक गणितज्ञ शामिल हुए।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^