सरकारों की नाकामी के कारण गांव के लोग कानून को अपने हाथों में लेने को मजबूर:आप
25-Feb-2022 07:11 PM 3500
चंडीगढ़,25 फरवरी (AGENCY) आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता हरपाल सिंह चीमा ने बठिंडा जिले के कालझरानी गांव के लोगों द्वारा नशा तस्करों की टांग तोड़ने के ऐलान पर कहा कि पिछली बादल-भाजपा और कांग्रेस सरकार की नाकामी और झूठ के कारण कालझरानी गांव के लोगों को आज कानून अपने हाथ में लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। श्री चीमा ने आज यहां कहा कि पिछली बादल-भाजपा और कांग्रेस सरकारों ने हमेशा जनविरोधी फैसले लिए हैं। परंपरागत पार्टियों ने हमेशा लोगों से ड्रग माफिया खत्म करने का वादा कर वोट तो हासिल किये लेकिन सरकार बनाकर ड्रग माफिया को संरक्षण दिया और नौजवानों के जीवन के साथ खिलवाड़ किया। उन्होंने कहा कि कालझरानी गांव बठिंडा जिले का प्रसिद्ध गांव है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल बठिंडा जिले के विकास का दावा करते रहे हैं। लगभग 20 वर्षों तक पंजाब का मुख्यमंत्री रहने के बावजूद श्री बादल अपने क्षेत्र से भी नशीले पदार्थों के खतरे को खत्म नहीं कर पाए। परेशान होकर आज कलझरानी गांव के निवासियों को नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने नशा तस्करों की रीढ़ तोड़ने के लिए पवित्र गुटका साहिब की शपथ ली थी लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। नशा तस्करों के साथ बड़े दलों की मिलीभगत और संरक्षण के कारण नशीले पदार्थों का खतरा बढ़ा है और राजनीतिक हस्तक्षेप के कारण पंजाब पुलिस भी ड्रग तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने से कतरा रही है जिसके कारण लोगों का पुलिस पर से विश्वास उठ गया है। आप नेता ने गांव कलझरानी सहित पंजाब के लोगों से कानून में विश्वास रखने और कानून को अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद नशा माफिया का जड़ से खात्मा होगा और नशा माफिया को संरक्षण देने वाले राजनीतिक नेताओं और पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^