शैक्षणिक उत्थान के लिए सरकार प्रतिबद्ध - गहलोत
29-Aug-2022 11:28 PM 6983
जोधपुर, 29 अगस्त (संवाददाता) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि प्रदेश सरकार राज्य में जनसुविधाओं, संसाधनों और लोक सेवाओं के विकास एवं विस्तार के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। श्री गहलोत सोमवार को जोधपुर के सुमेर शिक्षण संस्थान के 125वें स्थापना दिवस समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि इसी के चलते शिक्षा, चिकित्सा सहित विभिन्न क्षेत्रों में जोधपुर में प्रशंसनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा के द्वारा प्रदेश में आमजन को महंगे इलाज से छुटकारा मिला है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा एवं आमजन के स्वास्थ्य सरोकारों को सुदृढ़ बनाने की दिशा में सरकार की यह योजना आज पूरे देश में चर्चा का विषय है तथा इसे राष्ट्रीय स्तर पर भी लागू किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए सरकार द्वारा उच्च शिक्षा एवं प्रशिक्षण के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को सुनहरे भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी राज्य सरकार की शैक्षिक विकास की विभिन्न योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं। उन्होंने समारोह में 80 वर्ष से अधिक आयु के 68 पूर्व छात्रों को अभिनन्दन पत्र प्रदान किया। श्री गहलोत ने पूर्व छात्रों को साफा पहनाकर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने संस्था के प्रतिभावान छात्रों तथा सहयोगी भामाशाहों को भी सम्मानित किया। इस मौके प्रभारी मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग एवं राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत ने भी अपने विचार व्यक्त किए।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^