शिवराज ने हरी झण्डी दिखाकर शहडोल-नागपुर ट्रेन को किया रवाना
05-Oct-2023 03:10 PM 7214
शहडोल, 5 अक्टूबर (संवाददाता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यहां शहडोल से नागपुर जाने वाली यात्री ट्रेन काे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। श्री चौहान ने इस अवसर पर अपने संबोधन में शहडोल-नागपुर ट्रेन की सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन से नागरिकों को आवागमन में बड़ी सुविधा होगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस रेल से प्रदेश का यह जनजातीय बाहुल्य जिला सीधे नागपुर से जुड़ेगा। इसका बड़ा लाभ हमें विकास में मिलेगा, फसलों का उत्पादन विशेष रूप से अन्न का व्यापार बढ़ेगा। शहडोल-अनूपपुर-उमरिया को नई रेल का लाभ मिलेगा। क्षेत्र की जनता इस उपलब्धि के लिए बधाई की पात्र है। श्री चौहान ने कहा कि शहडोल में जल्द ही अत्याधुनिक एयरपोर्ट का निर्माण होगा। एयरपोर्ट के बिना निवेश आने में कठिनाई होती है। एयरपोर्ट आने से क्षेत्र में बड़े कल कारखाने लगने का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि विकास और जनता के कल्याण में हम कोई कसर नहीं रहने देंगे। उन्होंने कहा कि ‘शहडोल के विकास की आवाज हूँ मैं शिवराज हूँ’। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी और रेल मंत्री श्री वैष्णव के नेतृत्व में प्रदेश में 86 लाख करोड़ के रेलवे के प्रोजेक्ट संचालित हो रहे हैं। वर्ष 2023-24 के बजट में प्रदेश को 13 हजार 607 करोड़ रुपए रेलवे के विकास के लिए मिले हैं। प्रदेश में रेलवे के 80 विश्व स्तरीय स्टेशन का निर्माण होगा। साथ ही 47 रेलवे स्टेशन पर एक जिला- एक उत्पाद के स्टॉल लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में हमारी सरकार प्रतिबद्धता और सक्रियता के साथ कार्य करती रही है। शहडोल को संभाग बनाया गया। यहां मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, विश्वविद्यालय, आईटीआई की व्यवस्था की गई। प्रदेश का विकास मेरी जिंदगी का मिशन है, इसी भावना के अनुरूप प्रदेश में लगातार विकास की गतिविधियां जनता को समर्पित की जा रही हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^