सिन्हा,शिंदे ने कुपवाड़ा में शिवाजी की प्रतिमा का किया अनावरण
07-Nov-2023 08:11 PM 8379
कुपवाड़ा, 07 नवंबर (संवाददाता) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री सुधीर मुनगंटीवार के साथ मंगलवार को कुपवाड़ा में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया। श्री सिन्हा ने अपने संबोधन में ऐतिहासिक पहल के लिए भारतीय सेना की ‘अम्ही पुणेकर’ और सेना की 41 राष्ट्रीय राइफल्स को बधाई दी। उन्होंने कहा कि महान शिवाजी की प्रतिमा लोगों और सेना के बहादुरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। महान योद्धा और स्वराज्य के संस्थापक को श्रद्धांजलि देते हुए उपराज्यपाल ने कहा, “शिवाजी एक जन्मजात नेता थे, जिन्होंने दुश्मन के खिलाफ अपनी मंत्रमुग्ध जीत के माध्यम से भारत का एक नया इतिहास लिखा। छत्रपति शिवाजी महाराज नैतिकता के उच्च मानकों, सही आचरण और सभी धर्मों और संप्रदायों का सम्मान करने वाले व्यक्ति थे।” उन्होंने कहा कि युवाओं को उनके विचारों और आदर्शों का पालन करना चाहिए और निस्वार्थ भाव से समाज के गरीबों और कमजोर वर्गों की सेवा करनी चाहिए और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। अपनी सैन्य प्रतिभा और नैतिक बल का प्रदर्शन करके, शिवाजी ने लाखों भारतीयों को एकजुट किया और मराठा साम्राज्य के लिए संप्रभुता हासिल की। उन्होंने कहा कि उनके सार्वभौमिक और शाश्वत मूल्य आज भी प्रासंगिक हैं और हमें सामाजिक समानता और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के मार्ग पर मार्गदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने हर साल सात नवंबर को कुपवाड़ा में छत्रपति शिवाजी महाराज उत्सव मनाने का भी आह्वान किया। श्री एकनाथ शिंदे ने कहा, छत्रपति शिवाजी महाराज हर भारतीय के लिए प्रेरणा हैं। महाराष्ट्र में त्याग और वीरता की महान परंपरा रही है। उन्होंने कहा, यह वास्तव में सराहनीय है कि यह प्रतिमा कुपवाड़ा में उसी वर्ष बनाई जा रही है जब छत्रपति शिवाजी के राज्याभिषेक की 350वीं वर्षगांठ है। महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने इस अवसर पर बोलते हुए छत्रपति शिवाजी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शिवाजी की प्रतिमा का अनावरण उनके जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है। वज्र डिवीजन के जीओसी मेजर जनरल गिरीश कालिया ने गणमान्य व्यक्तियों को कुपवाड़ा की महिलाओं द्वारा हस्तनिर्मित राष्ट्रीय ध्वज भेंट किए। इससे पहले, उपराज्यपाल ने भारतीय सेना के बहादुरों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कुपवाड़ा में वज्र युद्ध स्मारक, मुख्यालय 28 इन्फैंट्री डिवीजन पर पुष्पांजलि अर्पित की। जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता; मेजर जनरल गिरीश कालिया, जीओसी, वज्र डिवीजन; श्री विवेक गुप्ता, डीआइजी एनकेआर रेंज; सुश्री आयुषी सूदन, उपायुक्त कुपवाड़ा; समारोह में श्री अभयराज शिरोले, संस्थापक अम्ही पुणेकर और सेना, नागरिक और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^