स्टालिन की मोदी से अपील, लंका में तमिल मछुआरों की नावों की नीलामी रोकें
07-Feb-2022 11:30 PM 7751
चेन्नई, 07 फरवरी (AGENCY) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने श्रीलंका सरकार द्वारा मछुआरों की नावों की नीलामी को अवैध करार देते हुए सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इसे रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की। श्री मोदी को लिखे गए एक अर्ध-सरकारी पत्र में श्री स्टालिन ने कहा कि श्रीलंकाई मत्स्य पालन और जलीय संसाधन विभाग ने तमिलनाडु मछुआरों की 105 नावों की नीलामी कर रही है। यह नावें श्रीलंकाई अधिकारियों के कब्जे मेंं हैं और इनकी नीलामी 11 फरवरी तक चलेगी। उन्होंने कहा कि यह वैध नहीं है और गंभीर चिंता का विषय भी है और इसलिए इसे रोका जाना चाहिए। उन्होंने श्रीलंका सरकार द्वारा प्रस्तावित नीलामी को रोकने के लिए प्रधानमंत्री मोदी से शीघ्र और व्यक्तिगत हस्तक्षेप की मांग की। साथ ही उन्होंने 2018 से पहले पकड़ी गई 125 अप्राप्य नावों की प्रक्रिया की निगरानी के लिए तमिलनाडु के अधिकारियों और हितधारकों की प्रस्तावित यात्रा के लिए श्रीलंकाई विदेश मंत्रालय की सहमति प्राप्त करने के लिए भी प्रधानमंत्री मोदी की मदद मांगी। मुख्यमंत्री स्टालिन ने श्रीलंका के विभिन्न नौसैनिक ठिकानों पर खड़ी 2018 के बाद पकड़ी गई 75 नावों और मछली पकड़ने के गियर को मुक्त करने के लिए भी प्रधानमंत्री मोदी के हस्तक्षेप की मांग की है। उल्लेखनीय है कि मछली पकड़ने की इन नौकाओं को विभिन्न श्रीलंकाई अदालतों ने उचित न्यायिक प्रक्रिया का पालन के बाद छोड़ने का फैसला किया है। इन कारणों को देखते हुए श्री स्टालिन ने श्री मोदी से नावों की नीलामी को तुरंत रोकने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^