सुक्खू ने सोलन के ममलीग में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का किया दौरा
14-Aug-2023 07:19 PM 4760
शिमला, 14 अगस्त (संवाददाता) मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज सोलन जिला की ग्राम पंचायत ममलीग में भूस्खलन से प्रभावित जड़ोन गांव का दौरा किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की। श्री सुक्खू इस त्रासदी पर भावुक हुए और कहा कि राज्य सरकार की ओर से प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। गौरतलब है कि यहां बादल फटने से एक ही परिवार के सात सदस्यों की मृत्यु हुई है। उन्होंने कहा कि जड़ोन में हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के लिए ज़िला प्रशासन को निर्देश दे दिए गए हैं और राज्य सरकार प्रभावितों की सहायता के लिए उनके साथ दृढ़ता से खड़ी है। उन्होंने कहा कि हादसे में बहुमूल्य जान जाने की पैसे से भरपाई नहीं की जा सकती है, लेकिन राज्य सरकार प्रभावितों के घावों पर मरहम लगाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि प्रभावितों को घर बनाने के लिए राज्य सरकार समुचित आर्थिक मदद प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जहां भी आपदा के कारण लोगों को नुकसान हुआ है, राज्य सरकार अपने सीमित संसाधनों से एक-एक पैसा जुटाकर उनकी मदद करेगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^