तमिलनाडु में बस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ
01-Oct-2023 07:40 PM 8956
चेन्नई, 01 अक्टूबर (संवाददाता) तमिलनाडु के पहाड़ी नीलगिरी जिले में कुन्नूर के समीप मारापल्लम में शनिवार हुई एक बस दुर्घटना में घटनास्थल से एक महिला का शव बरामद होने के साथ ही रविवार को मरने वालों की संख्या नौ हो गई। पुलिस सूत्रों ने कहा कि बस में यात्रा कर रहे पर्यटकों का सामान बरामद कर रहे बचाव दल को रविवार सुबह एक महिला का शव मिला। उसकी पहचान पद्मरानी (58) के रूप में हुई। इसके साथ ही इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हो गई। गौरतलब है कि नीलगिरी जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों का दौरा करने के बाद तेनकाशी लौट रही एक पर्यटक बस के 50 फीट गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार आठ लोगों की मौत हो गई थी। दुर्घटना के समय बस में कुल 57 पर्यटक और दो चालक सवार थे। इस बीच, स्वास्थ्य मंत्री मा. सुब्रमण्यम और पर्यटन मंत्री के. रामचंद्रन ने मुख्यमंत्री एम.के.स्टालिन की घोषणा के अनुसार दुर्घटना में मामूली रूप से घायल हुए 32 लोगों को 50-50 हजार रुपये और गंभीर रूप से घायल दो लोगों को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की। श्री सुब्रमण्यन ने कहा कि नौ मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामूली रूप से घायल हुए 15 लोगों का इलाज चल रहा है। उन्हें मनोवैज्ञानिक परामर्श भी दिया जा रहा है और उपचार के बाद उन्हें उनके घर भेज दिया जाएगा। मंत्रियों ने गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों से भी मुलाकात की और डॉक्टरों से उनके इलाज के बारे में जानकारी ली। उन्होंने उन लोगों से भी मुलाकात की जो बहुत कम घायल हुए या सुरक्षित बच गए और उन्हें अस्थायी राहत शिविरों में रखा गया है। सभी पर्यटक तेनकासी जिले के कदयम गांव के मूल निवासी थे और वे सप्ताहांत मनाने के लिए गुरुवार को उधगमंडलम आए थे जब वापस लौटते समय यह दुखद हादसा हुआ।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^