वन नेशन-वन इलेक्शन देश के लिए बड़ा परिवर्तनशील फैसला : डॉ. जायसवाल
21-Dec-2024 08:11 PM 8750
पटना, 21 दिसंबर (संवाददाता) बिहार भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष सह सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने आज 'वन नेशन-वन इलेक्शन' को देश के लिये सबसे बड़ा परिवर्तनशील फैसला बताते हुए कहा कि पहले भी देश मे एक ही बार चुनाव होते थे। भाजपा सांसद डॉ. जायसवाल ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते वन नेशन वन इलेक्शन को लाभप्रद बताते हुए कहा कि इससे न राशि की बचत होगी बल्कि समय की भी बचत होग। विकास भी अवरुद्ध नहीं होगा। देश मे साढ़े चार साल विकास के कार्य होते रहेंगे। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि चुनाव महाराष्ट्र में होता है और बिहार का विकास प्रभावित होता है क्योंकि बिहार के कई अधिकारी महाराष्ट्र में चुनाव कराने चले जाते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस की प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के अहंकार के कारण एक देश एक चुनाव की परंपरा टूट गई। उन्होंने कई राज्यों में राष्ट्रपति शासन लगवा दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने इसे लागू कराने के लिए प्रयास शुरू कर दिया है। श्री जायसवाल ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन के लिए पूर्व राष्ट्रपति की अध्यक्षता में एक समिति बनी थी और उसने रिपोर्ट दी थी। उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कैबिनेट ने इसे पास किया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान संविधान में 129 वां संशोधन पेश किया जाना सबसे बड़ी घटना है। यह इस देश का परिवर्तनशील फैसला है। उन्होंने बताया कि लॉ कमीशन ने भी वन नेशन वन इलेक्शन की वकालत करता रहा है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कहा कि ' वन नेशन वन इलेक्शन ' को लेकर विपक्ष द्वारा भ्रांतियां बनाई गईं। अब यह मामला जेपीसी में भेजा गया है इसमें 39 सदस्य शामिल हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि इसी तरह विपक्ष वन नेशन वन टैक्स को लेकर भी विरोध कर रहा था, लेकिन आज जीएसटी का लाभ लोगों से लेकर राज्यों तक को मिल रहा है। इसी तरह केंद्र सरकार ने वन नेशन वन राशन की सुविधा देश की जनता को दिया। इसका लाभ आज बिहार के लोगों को दिल्ली सहित अन्य में भी मिल रहा है। वन नेशन वन इलेक्शन को लेकर हमारी सरकार संकल्पित है। उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति के नेतृत्व में बनी समिति ने इसे 2034 से लागू करने की बात कही है। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ शम्भु ,मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल, मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलु, प्रभात कुमार, प्रवक्ता अरविंद सिंह, पियूष शर्मा भी उपस्थित थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^