पटना में मौसम का मिजाज तेजी से बदला
28-Oct-2021 02:32 PM 8849
पटना । प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। सुबह और रात में हल्की ठंड होने लगी है। पश्चिमी हवा के कारण तापमान में गिरावट आई है। बुधवार को पटना का अधिकतम तापमान तीन डिग्री गिरकर 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान दो डिग्री की कमी के साथ 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानी संजय कुमार की मानें तो स्थानीय कारणों से कुछ जगह हल्की बारिश हुई है। इन दिनों प्रदेश में पश्चिमी एवं उत्तर-पश्चिम नमी युक्त हवा निरंतर प्रवाह होने से वातावरण में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। दिन को छोड़ रात के तापमान में गिरावट आई है। 31 अक्टूबर तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तर-पश्चिम भाग के पश्चिम चंपारण में गौनाहा में 3.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, शेष भागों का मौसम शुष्क रहा। मौसम विभाग के अनुसार राज्‍यभर में अभी मौसम शुष्‍क रहने के आसार हैं। कहीं भी कोई उल्‍लेखनीय परिवर्तन की स्थिति नहीं बन रही है। मौसम विभाग ने रबी फसलों जैसे दाल, गेहूं, सरसों आदि के लिए खेत तैयार करने की सलाह दी है। साथ ही अल्‍पावधि के लिए तोरी, आलू, सूरजमुखी और सब्जियों की बोआई भी की जा सकती है। पशुओं को सूखे जगह पर रखने के साथ उन्‍हें कृमिनाशक दवाएं देने की जरूरत बताई गई है। साथ ही सलाह दी गई है कि सुबह-शाम आहार के साथ उन्‍हें एक चम्‍मच नमक जरूर खिलाएं। Weather..///..weather-pattern-changed-rapidly-in-patna-325413
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^