योगी ने किया महान स्वतंत्रता सेनानी प़ं गोविंद वल्लभ पंत को नमन
10-Sep-2023 07:08 PM 4347
लखनऊ 10 सितंबर (संवाददाता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री तथा भारत के पूर्व गृह मंत्री भारत रत्न प़ं गोविन्द वल्लभ पंत की 136वीं जयन्ती पर आज यहां लोक भवन स्थित उनकी प्रतिमा के सम्मुख चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प़ं गोविन्द वल्लभ पंत का जन्म तत्कालीन उत्तर प्रदेश का हिस्सा रहे वर्तमान उत्तराखण्ड के कुमायूं अंचल में हुआ था। वह एक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। उन्होंने उच्च शिक्षा अर्जित करने के दौरान ही देश के स्वाधीनता आन्दोलन में सक्रिय भूमिका निभायी थी। इस दौरान पंत जी ने अनेक दायित्वों का निर्वहन किया। स्वतंत्र भारत में और देश में प्रथम चुनाव के उपरान्त उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में प़ं गोविन्द वल्लभ पंत ने प्रदेश के विकास की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प़ं गोविन्द वल्लभ पंत को भारत के गृह मंत्री के रूप में कार्य करने का भी अवसर प्राप्त हुआ। पंत जी ने विभिन्न पदों पर रहते हुए कर्मठता व निष्ठा के साथ देश और प्रदेश की सेवा की। देश व देश की स्वाधीनता के लिए प्रदेश के विकास, देश की आन्तरिक सुरक्षा के लिए उनके प्रयासों को स्मरण करते हुए देश ने अपने सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार भारत रत्न से उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रदेश के पूर्व मंत्री व विधान परिषद सदस्य डाॅ़ महेन्द्र कुमार सिंह तथा अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह व सूचना संजय प्रसाद, निदेशक सूचना शिशिर सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^