केशव प्रसाद मौर्य ने बहराइच में कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक
10-Sep-2023 06:06 PM 6045
बहराइच, 10 सितंबर (संवाददाता) उत्तर प्रदेश के बहराइच शहर में स्थित भाजपा कार्यालय में रविवार को प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को हेलीकाप्टर द्वारा पुलिस लाइन पहुंचे। इसके बाद वह भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पहुंचकर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल ने की। इस मौके पर विशिष्ठ अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री पिछडा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांग सशक्तिकरण नरेंद्र कश्यप उपस्थित रहे। बैठक में मुख्य अतिथि ने कहा कि आज समय आ गया है, जब आप कार्यकर्ताओं के बल पर भाजपा 2024 में केंद्र में तीसरी बार सरकार बनाने जा रही हैं। भाजपा उत्तर प्रदेश में 80 में से 80 सीट जीतने जा रही है और हम और आप मिलकर भारत को 100 वर्ष आगे ले जाने वाले हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत जैसा देश जी-20 समिट जैसा कार्यक्रम कर ही नहीं रहा बल्कि इसकी अध्यक्षता कर रहा है। हमने जो राम जन्मभूमि पर रामलला को विराजित करने का स्वप्न सजाया था, वह 22 जनवरी को साकार होने जा रहा है। केशव प्रसाद ने कहा कि संसद के विशेष सत्र में वन नेशन वन इलेक्शन जो अटल का एक सपना था, वह साकार होने जा रहा है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हम घोसी का चुनाव हारे है और हार की समीक्षा पार्टी करेगी। लेकिन लोक सभा मऊ में कमल खिलाएंगे। भाजपा गठबंधन वहां चुनाव जीतेगा। हार को जीत में बदलने में वक्त नहीं लगता। जब योगी आदित्य नाथ गोरखपुर और हम फूल पुर लोक सभा सीट छोड़े थे, तब हार गए थे। तब समाजवादी पार्टी गुब्बारे की तरह फूल गई थी, अभी भी गुब्बारे की तरह फूली हुई है जनता एक सुई चुभोएगी हवा निकल जायेगी और कमल खिल जायेगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल ने सभी का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री प्रताप सिंह ने किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^