2047 तक हरियाणा होगा देश का सबसे विकसित राज्य: खट्टर
15-Aug-2023 05:11 PM 6451
फतेहाबाद, 15 अगस्त(संवाददाता) हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने विश्वास व्यक्त किया है कि वर्ष 2047 तक यह राज्य पूरे देश में विकास के संदर्भ में देश में सबसे ऊपर होगा। श्री खट्टर ने मंगलवार को यहां आजादी की 76वीं वर्षगांठ पर आयोजित राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में बतौर मुख्यातिथि ध्वजारोहण के बाद उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित उन्हें इस अवसर पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। इससे पूर्व उन्होंने देश की आजादी में योगदान एवं बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को लघु सचिवालय के समीप स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा यहां पुलिस लाइन प्रांगण में उन्होंने परेड का निरीक्षण किया तथा सलामी ली। परेड का नेतृत्व भिवानी के सहायक पुलिस अधीक्षक लोगेश सिंह ने किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के वीरों ने भी आजादी के आंदोलन में बढ़-चढ़ कर भाग लिया था। आजादी के बाद भी वर्ष 1962, 1965 और 1971 के विदेशी आक्रमणों और कारगिल युद्ध के दौरान वीरता की नई मिसाल पेश की। उन्होंने देश की आजादी के लिये मर मिटने वाले ज्ञात अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुये राष्ट्र कवि रामधारी सिंह दिनकर की पंक्तियाें ‘जो अनगिणत लघु दीप हमारे, तूफानों में एक किनारे, जल-जलाकर बुझ गए किसी दिन, मांगा नहीं स्नेह मुंह खोल कलम आज उनकी जय बोल’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आजादी का यह पावन पर्व उपलब्धियों का जश्न मनाने का दिन भी है। आज भारत अपनी उन्नत प्रौद्योगिकी और प्रतिभा के बल पर चंद्रयान और मंगलयान जैसे मिशन शुरू कर रहा है। हाल ही में चंद्रयान-3 चांद की कक्षा में प्रवेश कर चुका है और एक सप्ताह बाद चांद पर उतरेगा। “हम अपनी तकनीक के बल पर इसकी यात्रा और लैंडिंग को घर बैठे देख सकते हैं“। उन्होंने श्री नरेंद्र मोदी को दूरगामी विजन वाला प्रधानमंत्री बताया और कहा कि उन्होंने कई चुनौतीपूर्ण विवादों का चुटकियों में समाधान कर दिया। जम्मू एवं कश्मीर से अनुच्छेद-370 और धारा 35-ए को हटाकर कश्मीर से कन्याकुमारी तक अखंड भारत का सपना साकार किया है। अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण शुरू कर करोड़ों देशवासियों की आस्था को मजबूती दी है। यह मंदिर अब पूरा होने के करीब है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश गत दाे वर्षों से आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। इसके समापन पर इस बार प्रधानमंत्री ने मेरी माटी-मेरा देश अभियान चलाया है। गत नौ अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर शुरू किये गए इस अभियान में देश के हर गांव और हर शहर की मिट्टी एकत्रित की जा रही है। प्रधानमंत्री ने देश के बंटवारे को 20वीं शताब्दी की सबसे बड़ी त्रासदी बताते हुए उसके पीड़ितों की याद में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाना शुरू किया है। वन रैंक-वन पेंशन की वर्षों पुरानी मांग को पूरा कर वीर सैनिकों का मनोबल बढ़ाया है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू कर 21वीं सदी का आत्मनिर्भर भारत बनाने का मार्ग प्रशस्त किया है। हरियाणा में वर्ष 2025 तक इस नई नीति को पूर्ण रूप से लागू करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने इस अवसर पर केंद्र सरकार के सर्जिकल एयर स्ट्राइक, नागरिकता संशोधन कानून, तीन तलाक की कुप्रथा से मुक्ति, स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, जल संरक्षण आदि अनेक युग-परिवर्तनकारी कदमों का भी उल्लेख किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^