पुलिसकर्मी के पेट में किया था बम प्लांट
24-Sep-2021 12:12 PM 7378
रांची | पुलिस ने रिम्स से चार दिन पहले हुए फरार नक्सली कृष्ण मोहन झा उर्फ अभय जी उर्फ धनंजय कुमार मेहता उर्फ काली झा व उसके दोस्त सर्राफा कारोबारी मुकेश कुमार को मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को गुरुवार की सुबह मुजफ्फरपुर के पुरानी बाजार स्थित एक सर्राफ के घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस दोनों को लेकर गुरुवार को रांची पहुंची। गौरतलब हो कि नक्सली कृष्ण मोहन रांची के बिरसा मुंडा केद्रीय कारा में अपहरण व हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। वह रिम्स में अपने इलाज के दौरान 19 सितम्बर को फरार हुआ था। रांची पुलिस की टीम ने दो मोबाइल भी जब्त किया है। जब्त मोबाइल का सीडीआर निकाला जा रहा है। इससे नक्सलियों के पूरे नेटवर्क और सर्राफा कारोबारी मुकेश के कनेक्शन का पुलिंदा खुलेगा। मुकेश का घर मुजफ्फरपुर के पुरानी बाजार में जुम्मा मस्जिद के पास है। मुकेश के पिता रिटायर बैंक मैनेजर हैं। 20 सितम्बर से नक्सली कृष्ण मोहन मुकेश के घर में छिपा था। कृष्ण मोहन के भागने के बाद रांची पुलिस को कई खुफिया इनपुट मिले थे। उसी आधार पर रांची पुलिस बुधवार की देर रात मुजफ्फरपुर पहुंची और एसएसपी जयंतकांत से मिली। एसएसपी ने नगर थानेदार ओमप्रकाश को टीम भेजकर कृष्णामोहन की गिरफ्तारी में सहयोग का निर्देश दिया। नगर थाने के सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार पंडित और रांची पुलिस के सब इंस्पेक्टर आकाश भारद्वाज की टीम ने पुरानी बाजार में मुकेश के घर पर छापेमारी की। कृष्ण मोहन झा मुजफ्फरपुर के कुढ़नी थाना क्षेत्र के बथना का रहने वाला है। लेकिन, वह अधिकांश समय झारखंड में ही सक्रिय रहा। वह कई वर्षों से अपने गांव नहीं आया था। जब वह रिम्स से फरार हुआ था तो विशेष टीम उसे खोजते हुए गांव में उसके घर गयी थी। लेकिन, वहां से जानकारी मिली की वह लंबे अरसे से गांव नहीं आया है। कृष्णमोहन के लिवर में संक्रमण था। नाक से भी खून आता था। इसकी शिकायत पर बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा से रिम्स में भर्ती कराया गया था। उसकी देखरेख में तीन गार्ड तैनात थे। रांची पुलिस के अनुसार कृष्ण मोहन झा हार्डकोर नक्सली है। उसने वर्षों पहले एक पुलिसकर्मी को अगवा किया था। उसकी हत्या करने के बाद उसके पेट में बम प्लांट किया था। इसके बाद पुलिस को शव ले जाने के लिए बुलाया था। शव लेने आने वाले पुलिस अधिकारियों को बम से उड़ाने की उसकी मंशा थी। लेकिन, पुलिस ने उसके मंसू पर पानी फेर दिया। Bomb plant..///..bomb-plant-was-done-in-the-stomach-of-the-policeman-319268
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^