26-Aug-2023 04:16 PM
7725
रांची,26अगस्त (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने आज राज्य सरकार पर बड़ा हमला बोला और कहा कि हेमंत सोरेन परिवार ने पाप किया है उसे जेल तो जाना ही पड़ेगा।
श्री मरांडी संकल्प यात्रा के क्रम में आज झारखंड की उप राजधानी दुमका की धरती से दुमका विधानसभा क्षेत्र की जनता को संबोधित कर रहे थे।तेज बारिश के बीच हजारों की संख्या में जनता जनसभा में उपस्थित थी। श्री मरांडी का भव्य स्वागत किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री श्री मरांडी ने झामुमो और हेमंत सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि संथाल परगना बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम पर ओछी राजनीति करना झामुमो बंद करे।
कहा कि झामुमो को प्रेसवार्ता आयोजित करने की क्या जरूरत है,प्रेसवार्ता तो विपक्ष के लोग करते हैं। उनकी तो सरकार है,पुलिस प्रशासन है वे सीधे कार्रवाई करें, एफआईआर करें और जिसने विधि विरुद्ध काम किया है, अपराध किया है उसकी संपत्ति जब्त करें।
श्री मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी है। और जब जब भाजपा की सरकार बनती है तो विकास की चर्चा होती है और जब झामुमो,कांग्रेस राजद की सरकार बनती है तो भ्रष्टाचार की चर्चा होती है।उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि वे बताएं साढ़े तीन वर्षों में उन्होंने राज्य में विकास का कौन सा कार्य किया है।कहा कि संथाल की धरती को भाजपा की सरकार ने विकास से जोड़ा। अटल जी ने संथाली भाषा को 8वीं अनुसूची में शामिल कराया,आदिवासी मंत्रालय बनाया,गांव को प्रधानमंत्री सड़क योजना से जोड़ा और आज नरेंद्र मोदी सरकार ने दुमका में मेडिकल कालेज दिया,देवघर में एम्स स्थापित किए,देवघर में हवाई अड्डा बनाया,दुमका, गोड्डा सभी को रेलवे लाइन से जोड़ा।...////...