12-Mar-2022 08:20 PM
6661
शिमला, 12 मार्च (AGENCY) हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि नगर निगम शिमला के चुनावों में कांग्रेस अपनी जीत का परचम लहराएगी।
उन्होंने कहा कि निगम के लिए कांग्रेस का विजन डॉक्यूमेंट लोगों की मांगों,उनके सुझावों और उनकी अपेक्षा के अनुरूप बनाया जाएं,इसके लिए लोगों से सुझाव भी मांगे जाएं। उन्होंने आज यहां नगर निगम चुनावों के लिए बनाई गई चुनाव घोषणा पत्र कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा की पार्टी के घोषणा पत्र में लोगों को राहत के साथ-साथ उनकी समस्याओं को दूर करने पर पूरी तरह केंद्रित होना चाहिए। इसमें शहर और नये शामिल किए गए क्षेत्रों के विकास का मसौदा भी रखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पार्टी के घोषणा पत्र को पार्टी के विजन डॉक्यूमेंट के रूप में देखा जाना चाहिए। इसलिए यह पूरी तरह शिमला शहर के विकास के प्रति समर्पित होना चाहिए। कांग्रेस ने हमेशा ही विकास की राजनीति की है। शिमला शहर का सम्पूर्ण विकास कांग्रेस सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की ही देन रहा है। आज शिमला शहर अनेक समस्याओं से गुजर रहा है। भाजपा शासित नगर निगम लोगों की समस्याओं को दूर करने में पूरी तरह विफल साबित हुआ है।
बैठक में शिमला जिला कांग्रेस शहरी के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत छाजटा, प्रदेश कांग्रेस सचिव आनंद कौशल, सुशांत कप्रेट और यशपाल तानाईक ने भाग लिया।...////...