मध्यप्रदेश को बर्बादी से बचाने भाजपा की सरकार जरूरी: शिवराज
30-Jul-2023 08:57 PM 8002
इंदौर, 30 जुलाई (संवाददाता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर अपने शासनकाल के दौरान प्रदेश को बर्बादी के रास्ते में ले जाने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि प्रदेश को अगर हमें बर्बादी से बचाना है, तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार जरूरी है। श्री चौहान ने यहां केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ भाजपा के संभाग स्तरीय बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने मध्यप्रदेश का पहले भी कबाड़ा किया था। वर्ष 2003 के पहले मध्यप्रदेश में सड़क, पानी, बिजली की हालत खराब थी, यही हाल 15 महीने की कमलनाथ सरकार में था। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की योजनाओं को प्रदेश में ठप्प कर दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने गरीबों के लिए आवास भेजे तो कांग्रेस सरकार ने उन्हें वापस लौटा दिए। हर गाँव में नल से जल के लिए योजना भेजी तो जलजीवन मिशन प्रारम्भ नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र को किसान सम्मान निधि सूची न भेजकर किसानों को किसान सम्मान निधि से वंचित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश को बर्बाद करने में कसर नहीं छोड़ी, जनकल्याण की योजनाएं बंद कर दी गयी थीं। कांग्रेस ने विद्यार्थियों से लैपटॉप, बुजुर्गों से तीर्थ दर्शन और बेटियों से कन्यादान योजना के पैसे छीन लिए थे। गरीबों की योजनाओं को बंद करने का पाप किया गया। कांग्रेस की सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर था, ‘कमीशन लाओ और काम ले जाओ’ की स्थिति थी। इसलिए प्रदेश को बर्बादी से बचाने के लिए भाजपा की सरकार जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के सपनों को अगर मध्यप्रदेश में साकार करना है तो विधानसभा का चुनाव जीतकर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आव्हान करते हुए कहा कि कार्यकर्ता भाइयों-बहनों ये तीन महीने चुनाव जीतने के लिए भारतीय जनता पार्टी को दें। घनघोर परिश्रम करना है, परिश्रम की पराकाष्ठा और प्रयत्नों की परिसीमा करनी हैं। गाँव-गाँव जायेंगे, जागरण का मन्त्र फूंकेंगे। इस बार कोई चुक नहीं होगी, विधानसभा में भाजपा को रिकार्ड मतों से जिताएंगे और लोकसभा में पूरी 29 की 29 सीटें भी जीतेंगे। केन्द्रीय कृषि मंत्री एवं मध्य प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया है। मध्य प्रदेश का किसान आज खुशहाल है, बहन आज लाड़ली बहन बन गई है। प्रदेश में सड़कों का जाल बिछा है, सिंचाई के अवसर सृजित हुए हैं। भाजपा की सरकार ने मध्य प्रदेश में अमूलचूल परिवर्तन करने की कोशिश की है। हम सब जानते हैं कि जब केन्द्र में हमारी सरकार नहीं थी तो विकास का काम भाजपा सरकार को अकेले करना पड़ता था लेकिन आप सबके आशीर्वाद से केन्द्र में श्री मोदी की सरकार आने के बाद शिवराज सरकार लगातार विकास के आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश में अमलूचल परिवर्तन आया है। भ्रष्टाचार पर जो प्रहार हुआ है, उसी प्रहार का ही परिणाम है आज भ्रष्ट नेताओं का महागठन हो रहा है। आप जानते हैं भाजपा ने भ्रष्टाचार, अनैतिकता, आराजगता से कभी समझौता नहीं किया। हमारी हमेशा प्राथमिकता रही है सुशासन और विकास के लिए काम करेंगे। आज पूरे देश व प्रदेश में अलग प्रकार का परिवर्तन दिखाई दे रहा है। केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि आने वाले कल में भारत श्रेष्ठ भारत बने, इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। 2024 में लोकसभा और उससे पहले 2023 में मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव जीतना हमारा लक्ष्य है। मप्र स्वर्णिम मध्य प्रदेश बने और भारत श्रेष्ठ भारत बने इसके लिए 2023 और 2024 चुनाव जीतना हम सबके लिए आवश्यक है। इसलिए आज से ही संकल्प लेकर जुट जाएं। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यहां पर मौजूद सभी कार्यकर्ता हमारे पोलिंग बूथ के सिपाही, प्रहरी व सेनापति हैं। यह कार्यकर्ताओं का महासम्मेलन है, विजय सम्मेलन है। आज 2023 के विजय महासंकल्प अभियान की शुरूआत हो रही है। इसलिए मित्रों आज हम संकल्प लेंगे कि आने वाले विधानसभा चुनाव में और 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह को हमें इस मंच से संदेश देना है कि प्रदेश में भाजपा की दो तिहाई बहुमत से सरकार बनने वाली है। कांग्रेस ने बहुत झूठ फैलाया है, बोगस सर्वे कराकर सोशल मीडिया पर भेजे हैं कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने वाली है, अब यह सम्मेलन देखने के बाद जनता तय कर देगी कि कांग्रेस की 50 सीटें भी नहीं आने वाली हैं। उन्होंने कहा कि 2018 में कांग्रेस ने झूठे वादे करके सत्ता में आई थी लेकिन जब किसान, युवा, महिलाओं से किए गए वादे पूरे करने की बात आई तो इन वादों से मुकर गई। प्रदेश की जनता इसके लिए कभी माफ नहीं करेगी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बूथ सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे लिये गर्व की बात है कि श्री शाह के कुशल नेतृत्व में भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना। आज केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह का पाथेय लेकर कार्यकर्ता चुनाव मैदान में उतरेंगे। श्री शाह के पाथेय से मालवा के 11 हज़ार बूथों के कार्यकर्तागण अपने - अपने बूथों पर 51 प्रतिशत वोट शेयर हासिल करने के संकल्प के साथ संगठन कार्य में जुटेंगे। साथ ही मालवा क्षेत्र में ‘जीतेंगे मालवा, जीतेंगे मध्यप्रदेश और जीतेगी भाजपा’ के संकल्प से साथ 9 जिलों के बूथ कार्यकर्त्ता विजय अभियान में जुटेंगे। श्री शर्मा ने कहा कि वर्ष 2003 के पहले मध्यप्रदेश में बंटाधार युग था। सडक, पानी और बिजली के लिए जनता मोहताज थी। सवा साल प्रदेश में रहीं कमलनाथ सरकार ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया और जनकल्याण की योजनायें बंद कर गरीबों से उनका हक़- अधिकार छीनने का काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों का जीवन बदलने के लिए संकल्पित है। इस अवसर पर राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, केन्द्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव, केन्द्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीरेन्द्र खटीक, केन्द्रीय राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते, प्रहलाद पटेल, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती आदि सहित प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^