राष्ट्रपति के रात्रिभोज में खड़गे को आमंत्रित न करना गलत: सिद्दारमैया
09-Sep-2023 04:24 PM 4280
हुबली, 09 सितंबर (संवाददाता) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में विश्व नेताओं के जी20 शिखर सम्मेलन के आयोजन स्थल ‘भारत मंडपम’में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के रात्रिभोज के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को आमंत्रित नहीं करना गलत है। श्री सिद्दारमैया ने यहां संवाददाताओं से कहा, “वह (खड़गे) न केवल कांग्रेस अध्यक्ष हैं, बल्कि उच्च सदन (राज्यसभा) में विपक्ष के नेता भी हैं। उन्हें आमंत्रित किया जाना चाहिए था और उन्हें आमंत्रित नहीं करना गलत है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पूर्व प्रतिबद्धताओं के कारण राष्ट्रपति के रात्रिभोज में शामिल नहीं हो सकेंगे। रात्रिभोज में जिन लोगों को आमंत्रित किया गया उनमें पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा और मनमोहन सिंह, पूर्व राष्ट्रपति और उप-राष्ट्रपति, केंद्रीय मंत्री और सभी राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य लोग शामिल हैं। श्री गौड़ा ने पहले ही स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए राष्ट्रपति की ओर से दिए जाने वाले रात्रिभोज में शामिल होने में असमर्थता जतायी है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^