साधु के आत्मदाह प्रयास के मामले को लेकर भाजपा ने किया विरोध प्रदर्शन
21-Jul-2022 07:43 PM 5674
भरतपुर 21 जुलाई (AGENCY) राजस्थान में भरतपुर जिले में डीग के गांव पसोपा में आदिबद्री एवं कनकांचल पर्वत को खनन मुक्त कराने की मांग को लेकर साधु के आत्मदाह की कोशिश करने के मामले को लेकर आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जिला कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया। इस बीच कलक्ट्रेट परिसर में प्रवेश को लेकर भाजपा नेताओं एवं पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की भी हो गई। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार एवं पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धक्कामुक्की के बीच सीओ सिटी सतीश वर्मा भीड़ को तितर-बितर करने के दौरान जमीन पर गिर पड़े। प्रदर्शन के दौरान भाजपा ने राज्य की गहलोत सरकार पर साधु-संतों के साथ अन्याय करने एवं खननमाफियाओं का समर्थन करने का आरोप लगाते कहा कि बृज के धार्मिक महत्व के प्राचीन पहाड़ों की रक्षा के लिए साधु-संतों की ओर से लंबे समय से आंदोलन किया जा रहा था लेकिन उनकी मांग को अनसुना किया गया। इसका परिणाम यह हुआ कि मांग पूरी नहीं होने पर पसोपा स्थित मंदिर के महंत विजय बाबा को आत्मदाह के लिए विवश होना पड़ा। प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. शैलेष सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष गिरधारी तिवारी, भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष मोहन रारह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सौरव ताखा, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष रूपेंद्र सिंह जघीन आदि उपस्थित थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^